राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण टीम ने बोकारो में चलाया विशेष अभियान..
खबरदार अगर आप पब्लिक प्लेस में गुटखा, तम्बाकू या सिगरेट बेच रहे हैं या इसका सेवन करने वाले हैं तो हो जाये होशियार। चेत जाये क्योँकि अब आपसे वसूला जा सकता है जुर्माना। जी हाँ बोकारो जिला प्रशासन अब इन उत्पादों को सरेआम बेचने या सेवन करने वाले लोगों से 200 से 5000 तक के जुर्माना वसूलेगी या फिर जेल की हवा भी खिला सकती है।
आज इस क्रम में जिला स्तरीय गठित राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण टीम ने एएसपी अभियान श्री संजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय पुनम मिंज, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री विकास हेम्ब्रम, तंबाकू नियंत्रण के नोडल पदाधिकारी डाॅ. राजश्री रानी सिंह, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी श्री शक्ति कुमार तथा दिल्ली से आये डाॅ. दीपक मिश्रा के साथ नयामोड़ एवं सिटी सेन्टर के विभिन्न दुकानों में विशेष ड्राईव चलाया तथा दुकानों में 18 वर्ष से कम आयु वर्ग के धुम्रपान निषेध संबंधी पोस्टर नहीं लगाये जाने पर जुर्माना भी वसुला।
इससे पहले आज उपायुक्त श्री राय महिमापत रे की अध्यक्षता में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम हेतु कार्यशाला का आयोजन समाहरणालय सभागार में किया गया। इस कार्यशाला में दिल्ली से आये श्री दीपक मिश्रा ने तंबाकू सेवन के नुकसान तथा इसे निषेध किये जाने हेतु विभिन्न अधिनियमों जिसे कोटपा कहा जाता है के बारे में विस्तृत रूप से बताया। वहीं उपायुक्त श्री रे ने कहा कि बोकारो में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत् विशेष ड्राईव चलाया जायेगा। इस हेतु कमिटी का भी गठन किया गया है। साथ ही जिले के सभी स्कूल, काॅलेजों में जागरूकता अभियान के साथ-साथ प्रचार-प्रसार भी किया जायेगा।
उपायुक्त श्री रे ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिला के साथ-साथ प्रखण्ड स्तर पर भी कार्यक्रम का संचालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि तंबाकू से होने वाली बिमारियों से हर साल लाखों लोग मरते है। युवावस्था में ही तंबाकू सेवन की बुरी आदतों से बचा जा सकता है इस कारण इसकी रोकथाम के लिए लोगों में जागरूकता का होना अनिवार्य है।
कार्यशाला में उपायुक्त श्री राय महिमापत रे के अलावा सिविल सर्जन डाॅ. सोबान मुर्मू, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री महिप कुमार सिंह, एएसपी अभियान श्री संजय कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री विकास कुमार हेम्ब्रम, आपदा प्रबंधन पदाधिकारी श्री शक्ति कुमार सहित सभी संबंधित पदाधिकारी एवं विभिन्न प्रखण्डों के एमओआईसी उपस्थित थे।
(रिपोर्ट : रिपुसूदन)
No comments