भारी बारिश से कोनार, तेनुघाट व गरगा का जलस्तर बढ़ा, जन जीवन बेहाल..
राज्यभर में लगातार चार दिनों से हो रही बारिश के मद्देनजर आपदा प्रबंधन विभाग ने अलर्ट जारी किया है। राज्य के गृह और आपदा प्रबंधन विभाग के विशेष सचिव जटाशंकर चौधरी ने बताया कि बोकारो, रांची, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम और रामगढ़ समेत दस जिलों के उपायुक्तों से स्थिति पर विशेष ध्यान नजर रखने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा एक नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गयी है। जहां कोई भी व्यक्ति 0651-2446923 पर संपर्क कर अपनी बातों को रख सकता है। इस नियंत्रण कक्ष में अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है। जो लोगों की समस्याएं को सुनेंगे और उसके त्वरित समाधान के लिए प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि धनबाद के पंचेत, बोकारो के कोनार, तेनुघाट व गरगा और हजारीबाग के चरवा डैम का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इसलिए संबंधित जिलों के उपायुक्तों को आवश्यक निर्देश दिए गए है।
इधर बोकारो में भी सोमवार रात से ही लगातार बारिश हो रही है। मंगलवार को सुबह से दोपहर तक पानी रुका नहीं। जगह-जगह नदियों के पास बने पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बहने लगा है। बोकारो के सेक्टर-9, सेक्टर-8, चास के रामनगर कॉलोनी, सुल्तान नगर, अंसारी मुहल्ला, भर्रा तथा चीरा चास में जल जमाव से लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं बोकारो थर्मल में तेज़ बारिस के कारण रेलवे पटरी के जमीन धसी गयी जिससे डीवीसी प्लांट में कोयला आपूर्ति बाधित है इसके साथ ही बोकारो के पास पिंड्राजोरा थाना इलाके के उलगोड़ा गांव के रहने वाले बुधु गोराई दंदु के जोरिया में स्नान करने के दौरान तेज बहाव के करण डूब जाने की भी खबर है।
जिले में लगातार हो रही बारिश के फलस्वरूप तेनुघाट, कोनार डैम का फाटक खोला गया है। तेनुघाट डैम से आज शाम 26,000 क्यूसेक पानी छोड़ने के बाद भी महज 12 घंटे में तेनुघाट डैम का जलस्तर पांच फीट से ज्यादा बढ़ गया। डैम के जलस्तर के कम करने के लिए डैम प्रबंधन ने कुल नौ रेडियल गेट तथा चार स्विलिस गेट खोल दिए हैं। वर्तमान समय में तेनुघाट डैम से 70075 क्यूसेक पानी (लगभग 19 लाख 86 हजार लीटर) प्रति सेकेंड छोड़ा जा रहा है। वहीं कोनार डैम से 12000 क्यूसेक व तेनुघाट डैम से 70000 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की संभावना है।
देखें तेनुघाट डैम का वीडियो..
बोकारो के गरगा डैम पर भी दबाव बढ़ गया है। आज डैम के दो फाटक खोलने पड़े। डैम से 2,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। डैम का फाटक खुलने से जो भी ग्रामीण कोनार, तेनुघाट डैम के आसपास रहने वाले हैं, उन्हें सतर्क रहते हुए सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील जिला प्रशासन की ओर से की जा रही है। गोमिया, बेरमो, पेटरवार, चंद्रपुरा व नावाडीह प्रखंड के बीडीओ व सीओ को अपने-अपने क्षेत्रों में पड़नेवाले नदियों के किनारे के ग्रामीणों को एहतियातन सुरक्षित क्षेत्रो में चले जाने व आसपास के सुरक्षित भवनों में अधिवासित करने हेतु निर्देश दिया गया है।
बाढ़ से बचाव हेतु बोकारो में राहत शिविर और प्रभारी पदाधिकारियों की सूची भी जारी कर दी गयी है। फिलहाल बढ़े हुए जलस्तर और पानी की तेज धारा से सभी को सावधान रहने की जरूरत है। जलस्तर अचानक बढ़ जाने से कई बार पानी पुल-पुलिया के ऊपर से बहने लगता है। ऐसी परिस्थिति में नदी के समीप रहने वाले या पुलिया पार करने वालों को खास तौर पर सतर्क रहने की जरूरत है।






No comments