10 अवैध बूचड़खानों पर छापेमारी, केस दर्ज..
जिले में अवैध बूचड़खानों को लेकर आज उपायुक्त श्री राय महिमापत रे एवं पुलिस अधीक्षक श्री वाई.एस.रमेश की संयुक्त अध्यक्षता में एक संवाददाता सम्मेलन का आयोजन समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित किया गया। उपायुक्त श्री रे ने कहा कि प्रतिबंधित मांस के कारण जिले में विधि व्यवस्था को किसी भी परिस्थिती में बिगड़ने नहीं दिया जाएगा।
बता दें की जिला प्रशासन ने आज रविवार को बोकारो के कई अवैध बूचड़खाने में छापेमारी की है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक 10 जगहों पर छापेमारी की गयी जिसमें चास थाना इलाके से 6 जिंदा गाय, बछड़ा व प्रतिबंधित चमड़ा बरामद किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई में एक व्यक्ति की गिरफ्तारी भी की गयी है। वहीं सभी बूचड़खाने सील कर दिये गये हैं और दो थाना में मामला दर्ज किया गया है।
मौके पर उपायुक्त श्री रे ने कहा कि सरकार के निर्देश के आलोक में बोकारो जिला में प्रतिबंधित मांस की बिक्रीे किसी भी हालत में नहीं करने दी जाएगी। वहीं पुलिस अधीक्षक श्री वाई. एस. रमेश ने संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा कि जिले में जो भी अवैध बूचड़खाने चलाये जा रहे है वे बंद कर लें अन्यथा पुलिस प्रशासन कठोर कार्रवाई करेगी। उन्होंने आगे भी दोनो अनुमण्डल क्षेत्र में छापामारी की कार्रवाई जारी रखने को कहा। उनके अनुसार प्रतिबंधित मांस के कारण विधि व्यवस्था में किसी भी गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
संवाददाता सम्मेलन के दौरान उपायुक्त श्री राय महिमापत रे, पुलिस अधीक्षक श्री वाई.एस.रमेश, अनुमण्डल पदाधिकारी चास श्री सतीश चन्द्रा के अलावा पुलिस उपाधीक्षक नगर श्री अजय कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री विकाश कुमार हेम्ब्रम, जनसंपर्क कार्यालय के कर्मी एवं मीडियाकर्मी उपस्थित थे।

No comments