बूचड़खानों के लिए जिला प्रशासन ने निर्धारित किये मानक..
झारखण्ड सरकार के निर्देश के आलोक में बोकारो जिला के अन्तर्गत बूचड़ खानों एवं मांस दुकानों के लिए अनुज्ञप्ति प्राप्त करने हेतु जिला प्रशासन के द्वारा मानक निर्धारित किया गया है। उपायुक्त श्री रे ने बूचड़ खानों के अनुज्ञप्ति हेतु सिंगल विण्डो सिस्टम के तहत् ए.सी.एम.ओ, बोकारो को 22 अप्रैल से 02 मई तक विह्ति प्रपत्र में आवेदन प्राप्त करने का निर्देश दिया है। सभी प्राप्त आवेदनो पर माडा प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक एवं संबंधित क्षेत्र के पशु चिकित्सा पदाधिकारी, सिटी मैनेजर स्थल जाँच कर स्पष्ट अनुशंसा के साथ प्रतिवेदन समर्पित करेंगे। तत्पश्चात एम.ओ.आई.सी एवं ए.सी.एम.ओ अनुज्ञप्ति की सभी शर्तों पर संतुष्ट होकर अनुज्ञप्ति निर्गत करेंगे।
**फाइल फोटो
मानक के आधार पर आवेदनकर्ता को निबंधन शुल्क के रूप में वार्षिक बिक्री बारह लाख रूपये तक के लिए एक सौ रूपया एवं वार्षिक बिक्री बारह लाख से ऊपर के लिए दो हजार रूपया देय होगा। बारह लाख रूपये तक के लिए अनुज्ञप्ति एम.ओ.आई.सी तथा बारह लाख रूपये वार्षिक बिक्री से ऊपर के लिए अनुज्ञप्ति ए.सी.एम.ओ निर्गत करेंगे।
वहीं सिटी क्षेत्र में महाप्रबंधक, नगर सेवाएँ के द्वारा उपलब्ध कराये गए भूमि के अनुसार ही चिन्हित जगहों पर अनुज्ञप्ति निर्गत किया जाएगा। साथ ही दुंदीबाग बाजार क्षेत्र में हवाई पट्टे के विस्तारीकरण के कारण कोई भी लाईसेंस निर्गत नहीं किया जाएगा। बोकारो जिले में कोई भी चिन्हित स्लाॅटर हाउस उपलब्ध नहीं रहने के कारण वधशाला एवं बिक्री के लिए पृथक-पृथक दो लाईसेंस निर्गत किया जाएगा।
**फाइल फोटो
दुकानों के लिए कुछ शर्तें भी निर्धारित की गई है। मसलन 10/10 फीट का वधशाला, बिक्री के लिए अलग से 10/10 फीट का कमरा तथा वधशाला में 5 फीट तक टाईल्स लगी होनी चाहिए, वधशाला लाल रंग से रंगी होनी चाहिए, पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। वधशाला में उपयोग होने वाले तेज हथियार स्टेनलेश स्टील का होना चाहिए, वधशाला की सफाई प्रतिदिन दो बार गंध निरोधक पदार्थ से हो, वध करने वाले व्यक्ति का मेडिकल फिटनेश सर्टिफिकेट होना चाहिए, कटने वाले जानवरों का फिटनेश सर्टिफिकेट पशु चिकित्सक द्वारा जांचोपरांत होना चाहिए, वधशाला धार्मिक स्थल से कम से कम 200 मीटर की दुरी पर हो, दुकान के सामने चिक/शीशा लगा होना चाहिए तथा सभी उपकरण एवं दुकान की सफाई प्रतिदिन गर्म पानी से होनी चाहिए इत्यादि शर्तें रखी गई है।
No comments