बोकारो विधायक सामूहिक कन्यादान कार्यक्रम 18 जून को..
विकास का दायरा सिर्फ बिजली, पानी, सड़क, नाली और स्वास्थ्य तक ही सीमित नहीं रहना चाहिए। इसका दायरा सामाजिक कार्यो तक होना चाहिए। साथ ही विधायक का सीधा संबंध जनता से होता है इसलिए लोगों के सुख-दु:ख का साथी बनना जरूरी है। यह कहना है बोकारो विधायक बिरंची नारायण का. बता दें की इस साल 18 जून को द्वितीय सामूहिक कन्यादान समारोह आयोजित होना है। यह समारोह बोकारो विधायक बिरंची नारायण अपने सहयोगियों के साथ काफी धूम धाम से सम्पन्न करते है एवं इस दिशा में सकारात्मक काम अभी से ही किया जा रहा है। इस योजना में पंजीयन की अंतिम तिथि 10 जून है और इसमें पंजीयन का सिलसिला भी लगातार जारी है। आज इसी क्रम में सेक्टर-1 झोपड़पट्टी निवासी राजू मुंडा ने अपनी सुपुत्री का पंजीयन पत्र बोकारो विधायक बिरंची नारायण व बोकारो फाउंडेशन ट्रस्ट की अध्यक्ष श्रीमती नीना नारायण को दिया।
गत वर्ष यह शादी समारोह 22 अप्रैल को आयोजित हुई थी। इस सामूहिक कन्या दान समारोह में बेटियों की शादी के लिए वर की तलाश स्वयं माता-पिता ही करते हैं। जनप्रतिनिधि होने के नाते शादी के खर्च का वहन बोकारो विधायक द्वारा किया किया जाता है। शादी में गरीब लड़कियों का पूरी भव्यता और रीति रिवाज से विवाह करवाया जाता है। शादी समारोह में हिंदू धर्म के लोगों की शादी गायत्री पद्धति से और मुसलिम बेटियों के लिए निकाह आयोजित होता है। इस योजना के तहत गरीबों के उत्थान की दिशा में काम किया जा रहा है। बीते साल शादी के बाद गरीब कन्याओं को निश्शुल्क बर्तन सेट, गैस सिलेंडर, गद्दा, चादर, कलाई घड़ी, पायल के अलावा घरेलू उपयोग की सामग्री भी प्रदान की गई थी।

No comments