नक्सलियों का उत्पात, सवारी गाड़ी जलाया ऑनर को पीटा..
बोकारो में नक्सलियों ने एक बार फिर कोहराम मचाया है। प्रतिबंधित संगठन भाकपा माओवादी की ओर से आहूत बंदी के दौरान नक्सलियों ने गोमिया प्रखंड अंतर्गत झुमरा पहाड़ की तलहटी में बसे ग्राम चुट्टे में रविवार की देर रात दो सवारी वाहनों को आग लगा दी। साथ ही गाड़ी मालिक शिवलाल महतो, पुत्र मन्नू महतो व छोटे भाई उपेंद्र महतो (मुखिया पति) के साथ जमकर मारपीट भी की।
इस वारदात को 10 से 15 सशस्त्र नक्सलियों के एक अज्ञात दस्ते ने आहूत बंदी के समय से दो घंटे पूर्व करीब 10 बजे अंजाम दिया। पीड़ित शिवलाल महतो ने मारपीट से उनके शरीर पर उभरी चोट व सूजन दिखाते हुए बताया कि रात को खाना खाने के बाद सोने गए थे। तभी दो नक्सली घर आए। बाहर ले जाकर मारपीट करने लगे। इस दौरान उन्हें बचाने आए उनके पुत्र मन्नू महतो व अनुज उपेंद्र महतो (मुखिया पति) को भी उन्होंने नहीं बख्शा। नक्सली कह रहे थे कि बीते वर्ष तुमने अपनी गाड़ी पुलिस को क्यों प्रयोग करने दिया, पुलिस मुखबिरी करते हो। शिवलाल ने इससे इंकार करते हुए कहा कि पुलिस जबरदस्ती गाड़ी ले गई थी और इस दौरान नक्सलियों ने धमकी भी दी की सुधर जाओ अन्यथा आगे परिणाम घातक होगा। फिलहाल घटना के बाद से पीड़ित परिवार भारी दहशत में है। वाहनों के जलकर खाक हो जाने से उक्त परिवार को 10 से 12 लाख की क्षति पहुंची है।
देखें वीडियो..
वहीं बोकारो थर्मल में भी बंदी असरदार रही। यहाँ बैंक, डाकघर व यातायात के अलावे सीसीएल से कोयला ट्रांस्पोर्टिंग व डीवीसी का छाई ट्रांसपोर्टिंग पूरी तरह से बंद रही। इसके साथ ही भाकपा माओवादियों ने बरकाकाना-गोमो रेलखंड के डुमरी विहार स्टेशन को डेढ़ माह में तीसरी बार निशाना बनाया। बीती रात लगभग 7 बजे हथियारबंद दस्ता ने स्टेशन में धावा बोल दिया। इसके बाद स्टेशन मास्टर नक्सलियों ने धमकी दी की तत्काल ट्रेन परिचालन बंद करें अन्यथा जान से मार दिए जायेगें। फलस्वरूप यह रेल रूट भी घंटों बाधित रहा।


No comments