शुभम की विजन डॉक्यूमेंट का विमोचन करेंगे पीएम..
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बोकरो के शुभम द्वारा तैयार की जा रही विजन डॉक्यूमेंट का विमोचन करेंगे। बता दें की केंद्र सरकार के मानव संसाधन विकास विभाग अंतर्गत चल रहे मिशन अंत्योदय पर शोध कर विजन डॉक्यूमेंट तैयार करने के लिए शुभम का चयन किया गया है। शुभम के साथ देश भर से चार अन्य किशोर वैज्ञानिक भी चुने गये हैं। यह पांच किशोर वैज्ञानिक राजस्थान में जोधपुर के सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत के साथ मिल कर मिशन अंत्योदय पर विजन डॉक्यूमेंट तैयार कर रहे हैं, जिसका प्रधानमंत्री द्वारा विमोचन किये जाने के बाद उसे नीति आयोग को अध्ययन के लिए सौंपा जायेगा। 20 मई से एक महीने के शोध के लिए शुभम को केंद्रीय मानव संसाधन विकास विभाग में योगदान देने के लिए बुलाया गया है।
शुभम फिलहाल बीआइटी मेसरा में इंजीनियरिंग प्रथम वर्ष के छात्र हैं। उनके पिता विद्याभूषण बोकारो इस्पात सयंत्र में नौकरी करते हैं। शुभम की प्रारंभिक शिक्षा बोकारो के एमजीएम हायर सेकेंड्री स्कूल से 12वीं तक हुई। शुभम शोध के क्षेत्र में ही भविष्य बनाना चाहते हैं।
शुभम ने बताया की किशोर वैज्ञानिक प्रोत्साहन योजना (केवीपीवाइ) की नवंबर 2015 में हुई परीक्षा में बैठे देश भर के एक लाख बच्चों में से 1500 सफल घोषित किये गये हैं। इसमें उनका भी नाम है। केवीपीवाइ की परीक्षा में पिछले तीन-चार वर्षों में सफल करीब 4500 युवा वैज्ञानिकों का गूगल पर एक ग्रुप है। इस ग्रुप पर जोधपुर राजस्थान के सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत ने मिशन अंत्योदय पर शोध करने के लिए इच्छुक वैज्ञानिकों काे आमंत्रित किया था। बाद में इच्छा जतानेवाले युवा वैज्ञानिकों में से केवल पांच का चयन किया गया, जिसमें उनका भी चयन किया गया है। विजन डॉक्यूमेंट तैयार करने के लिए शोध की अवधि एक माह निर्धारित है।


No comments