दामोदर नदी प्रदूषण को लेकर डीवीसी अधिकारियों की खिंचाई..
आज दामोदर बचाओ आंदोलन के संरक्षक सह सूबे के संसदीय कार्य मंत्री सरयू राय ने बोकारो थर्मल में कोनार नदी का निरीक्षण किया। उन्होंने नदी प्रदूषण को लेकर डीवीसी के अधिकारियों की खिंचाई की। अधिकारियों के साथ वार्ता करने के बाद वे बीटीपीएस और टीटीपीएस भी गए।
मंत्री सरयू राय ने बताया कि वे दामोदर बचाओ आंदोलन के तहत दौरे पर हैं। पिछले वर्ष जब उन्होंने यहां का दौरा किया था, तब कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने बताया था कि टीटीपीएस के ऐश पौंड से दामोदर नदी में गंदा पानी प्रवाहित किया जाता है। जांच करने पर उसकी सच्चाई उजागर हुई थी। इस संबंध में प्रबंधन से बात करने पर आश्वासन दिया गया था कि ऐश पौंड में जो भी कमी है, उसे दूर कर दूषित जल को दामोदर में नहीं प्रवाहित किया जाएगा।
एक वर्ष बाद पुन: जब आज अवलोकन किया तो 90 फीसद दामोदर का जल स्वच्छ पाया। उन्होंने बताया कि बीटीपीएस, सीटीपीएस, अम्रपाली, खलारी, एनके एरिया आदि के संयंत्रों के गंदे पानी की निकासी अब दामोदर के बजाय अन्य जगहों पर की जा रही है। इसका बहुत बड़ा प्रभाव दामोदर नदी के प्रदूषण पर पड़ा है। दामोदर नदी झारखंड एवं बंगाल की लाइफलाइन है। इस नदी को प्रदूषण से पूरी तरह मुक्त करना है।
मौके पर बेरमो विधायक श्री योगेश्वर बाटुल महतो जी, भाजपा, झारखण्ड मुक्ति मोर्चा, कम्युनिस्ट पार्टी, जनता दल यूनाइटेड के कई वरिष्ठ नेता गण, ज़िला परिषद और 20 सूत्री कार्यक्रम के कई सदस्य व कई मुखिया मौजूद रहे।



No comments