मोमेंटम झारखंड : तीन लाख करोड़ का हुआ एमओयू, 4 लाख लोगों को मिलेगा रोजगार..
मोमेंटम झारखंड ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का दूसरा और अंतिम दिन रहा। आज भी अतिथियों के आने का सिलसिला जारी है। आज ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के आखिरी दिन खेलगांव में 9 विभागों के लिए 209 कंपनियों के साथ 303987 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव पर हस्ताक्षर हुए। इससे राज्य में करीब 2 लाख लोगो को प्रत्यक्ष और 4 लाख लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने जा रहा है। इंडस्ट्रीज और खनन के क्षेत्र में ही अकेले 2 लाख दस हज़ार करोड़ का निवेश होने जा रहा है। कंपनियों को एमओयू के साथ ही जमीन का आवंटन भी आज ही कर दिया जाएगा ताकि अधिक से अधिक एमओयू अगले दो साल के भीतर जमीन पर उतर सके। मुख्यमंत्री रघुवर दास हर एमओयू की खुद समीक्षा भी कर रहे है।
ग्लोबल समिट में आए मुंबई के कार्निवल ग्रुप के अजीत चंद्रशेखरन ने मुख्यमंत्री से मिलने के बाद कहा कि झारखंड के विभिन्न जिलों में 75 स्क्रीन का मल्टीप्लेक्स खोला जाएगा। एक ही परिसर में सिनेमा घर, फूड कोर्ट्स, रिटेल एरिया का निर्माण कराया जाएगा। पहले फेज में घाटशिला और चास में मल्टीप्लेक्स खोले जाएंगे।
मोमेंटम झारखण्ड के मंच से मेडिकेन्ट हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर के चेयरमैन डॉ. माजिद अहमद तालिकोटि को बोकारो में अस्पताल निर्माण हेतु तीन एकड़ जमीन का पर्चा दिया गया। इस सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में 100 करोड़ का निवेश होगा और 3 महीने में कार्य शुरू होगा तथा प्रथम चरण में 150 बेड़ अस्पताल का निर्माण किया जाएगा। इस अस्पताल में मुख्य रूप से कैंसर के साथ-साथ हार्ट, किडनी, न्यूरो, ऑर्थो एवं बर्न का इलाज आधुनिक तकनीक द्वारा किया जाएगा।
चीन के व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल चाइना ट्रेड फोरम ने रांची में पीओएस मशीन के निर्माण का प्लांट लगाने की इच्छा जताई। इसके लिए तुपुदाना में जमीन देने पर सहमति बनी। साथ ही बैंक ऑफ चाइना के लिए भी प्रस्ताव दिया। उन्होंने बताया कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया में लाइसेंस के लिए प्रस्ताव दिया जा चुका है। चीन की कंपनियां झारखंड को प्रमोट करेंगी।
चेक रिपब्लिक की कंपनी वीकेए एसोसिएट्स ने पेट्रो कार्ड माइक्रो पेट्रोल पंप लगाने का प्रस्ताव दिया। इस मशीन के उत्पादन की इकाई भी झारखंड में लगाई जाएगी। यह एटीएम की तरफ ऑटोमैटिक मशीन है, जिससे लोग खुद से अपनी जरूरत के अनुरूप तेल ले सकेंगे।
समापन समारोह में रविशंकर प्रसाद ने झारखंड मोमेंटम को मील का पत्थर करार दिया। आईटी सचिव सुनील वर्णवाल ने बताया कि ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट में 600 फॉरेन डेलिगेट्स आए, 210 एमओयू हुए, वहीं 25 हज़ार लोगों ने एक्जीबिशन का भ्रमण किया साथ ही 2.5 करोड़ लोगों ने इस कायर्क्रम का वीडियो यू ट्यूब पर देखा।















No comments