Header Ads

गांव का दर्जा दिलाने में पहल करेगा प्रशासन..

बोकारो के बेरमो प्रखंड मुख्यालय परिसर में पांच दिनों से अनशन पर बैठे आजसू के 13 कार्यकर्ताओं ने आज पंचायती राज पदाधिकारी (डीपीआरओ) से लिखित आश्वासन पर अनशन खत्म कर दिया। अनशन पर बैठे कार्यकर्ताओं का नेतृत्व पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष महतो कर रहे थे। 


आज देर शाम बेरमो बीडीओ अखिलेश कुमार, सीओ सुमंत तिर्की, बेरमो प्रखंड की प्रमुख गिरिजा देवी एवं नगर परिषद फुसरो के सिटी मनैजर रूपेश रंजन की उपस्थिति में अनशनकर्ताओं से वार्ता हुई, जिसके बाद सभी को डीपीआरओ शिवशंकर प्रसाद ने जूस पिलाकर अनशन तोड़वाया।


इस दौरान मांगों के निष्पादन के लिए लिखित समझौता हुआ। वार्ता में इस बात पर सहमति बनी कि नगर परिषद फुसरो में शामिल जिन क्षेत्रों को गांव का दर्जा देने की मांग की जा रही है उसके लिए जिला स्तर से राज्य सरकार को अनुशंसा की जाएगी तथा जबतक राज्य सरकार की ओर से इस संबंध में कोई निर्देश नहीं आ जाता, तबतक नगर परिषद इन गांवों के लोगों से होल्डिंग टैक्स नहीं लगाएगी। साथ ही जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने और शौचालय निर्माण के लिए भी  होल्डिंग टैक्स की रसीद की मांग नगर परिषद की ओर से नहीं की जाएगी।


अनशनकारियों की मांग थी कि नगर परिषद फुसरो में शामिल बंधुबेड़ा, कारो बस्ती, अमलो पंचायत की पुरनाटांड़, अमलो बस्ती, तराबेड़ा, फुसरो की घुटियाटांड़ बस्ती, कदमाडीह बस्ती, ढोरी के ¨सगारबेड़ा, रेहवाघाट, ढोरी बस्ती, बड़कीटांड़, सौतारडीह, कोचाकुल्ही, भेड़मुक्का, मधुकनारी, राजाबेड़ा, अंसारी मुहल्ला, भलचोथी बस्ती, करगली के करगली बाजार व मकोली के कारीपानी को पुन: गांव का दर्जा देकर होल्डिंग टैक्स से मुक्त किया जाए। यहां अनशनकारियों व समर्थकों में विनोद बाउरी, संतोष रवानी, फखरुद्दीन अली, सुरेश कुमार महतो, बिगन महतो, अजय सिंह, मनोज कुमार, रत्नी देवी, लक्ष्मी देवी, पार्वती देवी, कौशल्या देवी कर्मचंद महतो, विनोद महतो, गोपी महतो, प्रदीप महतो आदि शामिल थे।



यह भी पढ़ें... 




No comments

Bokaro Updates. Powered by Blogger.