यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियन्स के आह्वान पर आज बैंक रहेंगे बंद..
यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियन्स के आह्वान पर आज एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का आयोजन किया गया है। कल सोमवार को हड़ताल की पूर्व संध्या पर सिटी सेन्टर सिन्डीकेट बैंक के सामने सभी बैंककर्मियों व अधिकारियों ने एक भी रैली निकाली। रैली सिटी सेन्टर का भ्रमण कर बैंक ऑफ इंडिया के समक्ष एक सभा में परिणत हो गई।इस दौरान वेतन समझौता की प्रक्रिया को जल्द शुरू करने, ग्रैच्युटी की सीमा को बढ़ाने आदि की मांगें रखी गईं।
सभा को संबोधित करते हुए यूनियन के बोकारो संयोजक एसएन दास ने कहा कि जहां भारत सरकार तथाकथित बैंकिंग सुधार के नाम पर आम जनता की जमापूंजी से खिलवाड़ करते हुए बैंको के निजीकरण का प्रयास कर रही है, वहीं दूसरी ओर निजीकरण को बढ़ावा देने के लिए बैंकों के विलय की भी बात कही जा रही है। पेमेंट बैंक के नाम पर नए बैंक खोलने का लाइसेंस दिया जा रहा है।
हड़ताल में एसबीआइ, को-ऑपरेटिव बैंक, ग्रामीण बैंक सहित सभी राष्ट्रीयकृत व कुछ निजी बैंक शामिल हैं। बैंकों की हड़ताल से न केवल करोड़ों का कारोबार प्रभावित होगा बल्कि आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। हालांकि सूत्रों की मानें तो एटीएम को दुरुस्त रखा जाएगा ताकि ज्यादा परेशानी नहीं हो। बैंक हड़ताल की पूर्व संध्या रैली और विरोध प्रदर्शन में कृष्ण मुरारी, धनंजय कुमार, एमएल माहवार, राघव कुमार सिंह, पीके श्रीवास्तव, बिनोद कुमार, बीके ठाकुर, राजेश ओझा, विभाष झा, एसपी सिंह, संजीव रंजन शर्मा, प्रदीप कुमार, ओपी वर्णवाल, अवधेश प्रसाद, राजेश श्रीवास्तव ,बीके भट्टचार्य आदि शामिल रहे।
यह भी पढ़ें...


No comments