दो दिवसीय आदिम जनजाति कार्यकर्ता सम्मलेन में शामिल हुए सीएम रघुवर दास..
आज भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी की दो दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन माननीय मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने जैनामोड़ के टाउन हाॅल में दीप प्रज्जवलित कर किया। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए माननीय मुख्यमंत्री श्री दास ने कहा कि विकसित झारखण्ड बनाने के लिए झारखण्ड में निवेश अनिवार्य है, झारखण्ड में निवेश को बढ़ावा देने के लिए ही यहाँ मोमेन्टम झारखण्ड के तहत् वैश्विक निवेशक सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया था। उन्होंने कहा कि झारखण्ड की पहचान एक जनजातिय राज्य के रूप में की जाती है तथा हमारे देश के सामाजिक एवं आर्थिक व्यवस्था में जनजातियों को आर्थिक रूप से कमजोर माना जाता है। जनजातियों का आर्थिक विकास कर ही झारखण्ड राज्य को देश के विकसित राज्यों की श्रेणी में लाया जा सकता है।
माननीय मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के संविधान में अनुसूचित जनजातियों को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से मजबुत करने हेतु अनेक प्रावधान दिये गये है। उन प्रावधानों का अक्षरशः पालन झारखण्ड राज्य में किया जा रहा है। उनके अनुसार झारखण्ड देश में राजकीय बजट बनाने एवं पारित करने वाला पहला राज्य बना। इस बजट में भी अनुसूचित जनजातियों के विकास के लिए विशेष प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य के गरीब आदिवासी भाई-बहन 5 से 7 हजार कमाने के लिए दुसरे राज्यों में पलायन करते है। पलायन रोकने के लिए यहां पर ग्रामीण स्तर पर रोजगार सृजन हेतु झारखण्ड सरकार तत्पर है। उन्होंने वैसे अनुसूचित जनजाति के छात्र एवं छात्राओं जो भविष्य में डाॅक्टर या इंजिनियर की पढाई करना चाहते है, के लिए 4 लाख रूपये तक लोन देने की भी बात कही। इस हेतु आगामी बजट में 50 करोड़ रूपये का प्रावधान रखा जायेगा।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे सिर्फ सरकारी नौकरी के भरोसे न रहें बल्कि रोजगार सृजन के अन्य अवसरों को भी तलाशें। उन्होंने गांव में महिला सखी मंडल एवं युवा मंडल बनाकर सामुहिक रोजगार सृजन को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि झारखण्ड से गरीबी और बेरोजगारी का कलंक मिटाना ही झारखण्ड सरकार का मुख्य उद्देश्य है। झारखण्ड में आदिम जनजातियों के विकास के लिए आदिम जनजाति विकास प्राधिकार का भी गठन किया गया है। यहां आदिम जनजातियों हेतु दो बटालियन भी बनायें गये है, जिसपर बहाली हो चुकी है।
उन्होंने भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों से अपील की कि वे गांव-गांव जा कर गरीब आदिवासी भाई बंधुओं को जागृत करे तथा शासन-प्रशासन से सहयोग लेकर सरकार की योजनाओं को उन तक पहुंचायें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय मंत्री, भू-राजस्व, कला संस्कृति, पर्यटन, खेलकुद एवं युवा कार्य विभाग, झारखण्ड सरकार श्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि मोमेन्टम झारखण्ड का आयोजन कर प्रदेश की सवा तीन करोड़ जनता की छवि उभारने का काम झारखण्ड सरकार ने किया है। उनके अनुसार माननीय मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास के नेतृत्व में झारखण्ड में बदलाव की बयार बह रही है और झारखण्ड दो वर्षो में राष्ट्र के विकसित राज्यों में अग्रणी होगा।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति प्रदेश कार्यकारिणी के अध्यक्ष सह खिजरी विधायक श्री राम कुमार पाहन एवं कार्यकारिणी समिति के बोकारो जिला अध्यक्ष श्री आनंद मुर्मू ने किया। कार्यक्रम में माननीय सांसद गिरीडीह रविन्द्र पाण्डेय, माननीय विधायक बोकारो श्री बिरंची नारायण, माननीया विधायक माण्डर श्रीमती गंगोत्री कुजुर, माननीय विधायक घाटशिला श्री लक्ष्मण टुडू, जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष श्री लक्ष्मण नायक, लखी हेम्ब्रम, समीर उरांव, अशोक बड़ाईक, रिता बालमुच्चू इत्यादि उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें...






No comments