चार महीने में शुरू होगी विमान सेवा..
बोकारो को जल्द ही छोटी हवाई विमान सेवा की सौगात मिलने वाली है। यहाँ हवाईअड्डा से चार महीने के अंदर छोटी विमान सेवा शुरू हो जायेगी। रीजनल कनेक्टिविटी के तहत हवाई सेवा शुरू करने की सरकार की घोषणा के बाद एक बार फिर जिला प्रशासन व बीएसएल इसको लेकर सक्रिय हो गया है। गौरतलब है कि बोकारो में स्थित रनवे को हवाई सेवा के लिए तैयार करने के लिए किन-किन कार्यों को करना है तथा क्या सुधार लाने होंगें आदि का सर्वेक्षण करने के लिए एयरपोर्ट ऑथरिटी ऑफ इंडिया की टीम बोकारो आने वाली है। इसके बाद यह रिपोर्ट केंद्रीय नागर विमानन मंत्रालय को सौंपी जायेगी।
वर्तमान में सेल के बोकारो एयरपोर्ट के हवाई पट्टी की लंबाई 5314 फुट है। परंतु अब इसकी लंबाई लगभग 6800 से 7000 फुट करनी है। इसके बाद ही यहाँ 60 से 90 सीट वाले विमान आसानी से उतर सकेंगें। साथ ही इसके लिए एयर ट्रैफिक कंट्रोल, लॉबी, क्रू-कंट्रोल रूम आदि बनना है।
बता दें की इस योजना को धरातल पर उतारने के लिए सेल व केंद्रीय नागर उड्डयन विभाग से औपचारिक सहमति हो गयी है। लेकिन इसके लिए दुंदीबाग को हटाकर दूसरी जगह शिफ्ट करना होगा। बता दें की यह कार्य बीएसएल प्रबंधन व जिला प्रशासन दोनों के लिए कठिन है। दुंदीबाग के दुकानदारों को दूसरी जगह पर बसाने के लिए प्रशासन ने सर्वे किया है। इसमें लगभग 2200 दुकानदार शामिल हैं। वहीं कुछ दुकानदारों ने यह लिखित शिकायत भी की है की कईयों का सर्वे नहीं हो सका है। अब जिला प्रशासन रामनवमी के बाद दुंदीबाद के दुकानदारों का फिर से सर्वे कराएगा एवं सर्वे के बाद शीघ्र ही अगली कार्रवाई की जायेगी।
यह भी पढ़ें...



No comments