10 मार्च से प्रहरी मेला, शक्ति कपूर करेंगें शिरकत..
बोकारो के कसमार प्रखंड स्थित खैराचातर में पूर्व सरपंच सह समाजसेवी सुरेश कुमार जायसवाल की स्मृति में लगने वाले सात दिवसीय प्रहरी मेला इस साल 10 से 16 मार्च तक लगेगा। इस मेले में हिंदी फिल्म अभिनेता शक्ति कपूर तथा बंगला फिल्म अभिनेत्री अंजु घोष मुख्य आकर्षण होंगे। प्रहरी मेला का आयोजन 2001 से हो रहा है। यहाँ इस बार 11 मार्च को दिव्यांग बच्चों की शिक्षा में सहायतार्थ शक्ति कपूर नाइट का आयोजन किया गया है। मेला समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, शक्ति कपूर हवाई मार्ग से मुंबई से रांची पहुंचेंगे तथा रांची से खैराचातर सड़क मार्ग से आएंगे। उनके साथ मुंबई एवं कोलकाता के 30 अन्य कलाकार कार्यक्रम पेश करेंगे।
वहीं अगले दिन 12 मार्च को बंगला जात्रा ‘ओपोराध आमी मेये’ का आयोजन होगा। इसमें सुपर हिट बंगला फिल्म ‘बेदेर मेये जोसना’ की अभिनेत्री अंजु घोष करीब 3 दर्जन सह कलाकारों के साथ कार्यक्रम पेश करेंगी। मेला का उद्घाटन 10 मार्च को अपराह्न 3 बजे होगा। मौके पर महिला फुटबॉल टूर्नामेंट, क्रिकेट टूर्नामेंट, वॉलीबॉल टूर्नामेंट तथा निःशुल्क दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन भी होगा। अंततः 14 मार्च को झुमर नृत्य, 15 मार्च को खोरठा स्टार गौतम नाईट तथा 16 मार्च को समापन के अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। मेला को सफल बनाने के लिए मेला कमेटी के सभी कार्यकर्ता जुटे हैं। शक्ति कपूर तथा अंजु घोष के कार्यक्रम को लेकर लोगों में विशेष उत्साह है।
यह भी पढ़ें...

No comments