पांच सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने की रेल मंत्री प्रभु से मुलाकात..
धनबाद-चन्द्रपुरा रेल लाइन को बचाने के साथ ही इस रूट की कुछ वैकल्पिक व्यवस्था करने को लेकर आज धनबाद सांसद पशुपति नाथ सिंह के नेतृत्व में पांच सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने माननीय रेल मंत्री श्री सुरेश प्रभु से मुलाकात की। जन प्रतिनिधियों ने रेल मंत्री को बताया कि डीसी रेल लाइन बंद करने से जनता को भारी परेशानी हुई है। स्थिति वैसी नहीं है, जैसा नौकरशाह बता रहे हैं। एक-दो स्थानों पर आग है, जिसे बुझाया जा सकता है।
इस पर रेल मंत्री ने रेलवे बोर्ड के तकनीकी सदस्य को बुला कर मामले की जानकारी ली। साथ ही बोर्ड के चेयरमैन से फोन पर बातचीत की। रेल मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि मंगलवार को ही बैठक कर स्थिति की समीक्षा करें साथ ही डायवर्सन का काम तत्काल सीमा क्षेत्र में काम करने वाली एजेंसी को सौंपने को कहा। इस दौरान बोकारो विधायक बिरंची नारायण ने रेल मंत्री से धनबाद चंद्रपुरा रेल लाईन प्रभावित होने बाद चास स्टेशन हो कर ट्रेन चलाने की मांग की। इस पर रेल मंत्री ने मेंबर ट्रैफिक से बात की। कहा कि धनबाद-गोमो, गोमो-चंद्रपुरा रेल खंड पर लोड ज्यादा है और कितनी ट्रेनें चलायी जा सकती है इस पर विचार होगा। मंत्री ने जनप्रतिनिधियों से कहा कि जल्द ही कुछ ट्रेनों को चालू किया जा सकता है।
प्रतिनिधि मंडल में धनबाद सांसद पशुपति नाथ सिंह के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, बोकारो विधायक बिरंची नारायण, बाघमारा विधायक ढुलू महतो, धनबाद विधायक राज सिन्हा शामिल थे।

No comments