चंद्रपुरा-धनबाद रेल लाइन बंदी के विरोध में मरांडी की पदयात्रा..
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री व झारखंड विकास मोर्चा के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी अपने समर्थकों के साथ आज धनबाद-चंद्रपुरा रेल लाइन बंद किये जाने के विरोध में चंद्रपुरा से धनबाद तक पैदल यात्रा पर निकले हैं। उनके साथ झाविमो नेता रमेश कुमार राही सहित कई अन्य नेता भी पैदल चल रहे हैं। मालूम हो कि झारखंड, बिहार व पश्चिम बंगाल के लिए करोड़ों लोगों के आवागमन के लिए यह रेल लाइन अहम है। रेलवे बोर्ड ने आग व भूधंसान प्रभावित धनबाद-चंद्रपुरा रेलमार्ग को 15 जून से बंद करने की अधिसूचना जारी की थी। इस रूट पर वर्तमान में लगभग 19 जोड़ी ट्रेनों का परिचालन बंद है।
बाबूलाल मरांडी की पदयात्रा को लेकर धनबाद व बोकारो जिला पुलिस एवं रेल पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मरांडी के साथ उनके सुरक्षा गार्ड के अलावा अन्य पुलिस बल भी पैदल पैदल चंद्रपुरा से धनबाद तक पैदल चल रहे हैं। साथ ही प्रशासन ने चंद्रपुरा से धनबाद के बीच पड़ने वाले छाेटे-बड़े सभी स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। चंद्रपुरा के बाद दुग्दा, फुलवारटांड़, कतरासगढ़ स्टेशन होते हुए वे अपने समर्थकों के साथ धनबाद पहुंचेंगे. इधर, कतरासगढ़ में आंदोलन को समर्थन देने के लिए मरांडी की आगवानी की जबरदस्त व्यवस्था की गयी है।

No comments