Header Ads

टीटी लाइन पर वाया इस्पात नगर से जल्द दौड़ेगी ट्रेन..

धनबाद-चंद्रपुरा (डीसी) रेल लाइन बंद होने के बाद तलगड़िया-तुपकाडीह (टीटी) लाइन विकल्प के रूप में तैयार हो रही है। इस लाइन पर बोकारो के इस्पात नगर स्टेशन होकर जल्द ट्रेनें दौड़ेगी। मंगलवार को कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी (सीआरएस) पीके आचार्या ने इस्पात नगर स्टेशन का निरीक्षण किया। साथ ही ट्रेन का स्पीड ट्रायल लिया गया।


निरीक्षण के पश्चात पत्रकारों से बातचीत में सीआरएस आचार्या ने कहा कि तलगड़िया-तुपकाडीह (टीटी) लाइन सुरिक्षत है। इस रूट पर यात्री ट्रेनों के परिचालन में कोई परेशानी नहीं होगी। शीघ्र ही यात्री ट्रेनों का परिचालन नियमित किया जाएगा। इससे पूर्व सीआरएस की टीम ने इस्पात नगर स्टेशन के पास ट्रैक की जांच की। फिर ट्रेन में बैठकर स्पीड ट्रॉयल लिया। सीआरएस ने स्टेशन परिसर में पौधरोपण भी किया।


मौके पर मौजूद आद्रा मंडल के डीआरएम शरद कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि सीआरएस की रिपोर्ट आते ही इस रूट पर ट्रेनों का परिचालन नियमित कर दिया जाएगा। इस्पात नगर, चास समेत अन्य स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी की जाएगी। बता दें की धनबाद स्टेशन के हाथ से फिसली ट्रेनों की तकदीर का फैसला आज कोलकाता में होगा। दक्षिण पूर्व रेलवे के कोलकाता गार्डेन रिच स्थित मुख्यालय में तीन जोनों के अधिकारी बंद ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाने पर मंथन कर रहे हैं। डीसी लाइन बंद होने के बाद टीटी लाइन को विकल्प के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। फिलहाल इस रूट पर तीन ट्रेन पाटलिपुत्रा एक्सप्रेस, वनांचल एक्सप्रेस एवं धनबाद-रांची-इंटरसिटी एक्सप्रेस का परिचालन किया जा रहा है। संभावना है कि एक हफ्ते के अंदर बोकारो-हावड़ा का भी परिचालन इस रूट से शुरू कर दिया जाएगा। 


इस रूट पर यात्री ट्रेनों के नियमित परिचालन के लिए आद्रा मंडल की ओर से फरवरी में ही सीआरएस को प्रस्ताव भेजा गया था। लगभग चार माह बाद सीआरएस की टीम टीटी लाइन का निरीक्षण करने पहुंची। निरीक्षण के बाद यात्रियों में इस रूट में ट्रेनों के परिचालन की उम्मीद जगी है। इस्पात नगर स्टेशन से यात्री ट्रेनों के परिचालन शुरू होते ही आसपास के गांवों में चहल-पहल बढ़ जाएगी। स्टेशन चालू होने से सेक्टर नौ से सटे, भतुआ, चौफान, धनघरी, रानीपोखर, वास्तेजी, आगरडीह, मधुडीह, संथालडीह समेत दर्जनों गांवों गुलजार होंगे। इन गांवों के लोगों को ट्रेन पकड़ने के लिए अब दूर नहीं जाना पड़ेगा।



No comments

Bokaro Updates. Powered by Blogger.