बोकारो-धनबाद में बिजली संकट..
बोकारो में डीवीसी चंद्रपुरा थर्मल पावर प्लांट के बिजली उत्पादन में उतार-चढ़ाव जारी है। तकनीकी गड़बड़ी के कारण चंद्रपुरा थर्मल पावर पुराने प्लांट से बिजली उत्पादन शून्य हो गया है। वहीं पुराने प्लांट की यूनिट संख्या दो एवं तीन से उत्पादन पूरी तरह ठप है। दोनों यूनिटों की कुल बिजली उत्पादन क्षमता 260 मेगावाट है।
बता दें की डीवीसी के चंद्रपुरा पावर प्लांट से ही बोकारो, धनबाद जिला के आधा क्षेत्र व गिरिडीह को बिजली आपूर्ति होती है। सीटीपीएस पावर प्लांट से डीवीसी के पुटकी सबस्टेशन में बिजली आपूर्ति होती है, जहां से विद्युत विभाग के कतरास, पुटकी, केंदुआ, करकेंद, वासेपुर, बैंक मोड़, धैया व हीरापुर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति होती है। ऐसे में बिजली उत्पादन में जारी उतार-चढ़ाव से बोकारो व धनबाद में बिजली संकट गहराता जा रहा है।
फिलहाल सीटीपीएस के पुराने पावर प्लांट से बिजली उत्पादन ठप होने के कारण डीवीसी को अन्य प्लांटों से बिजली लेकर देनी पड़ रही है। डीवीसी के बोकारो थर्मल पावर की एक मात्र यूनिट से 162 मेगावाट, चंद्रपुरा थर्मल की दो यूनिटों से 442 मेगावाट, डीएसटीपीएस (अंडाल) की दो यूनिटों से 815 मेगावाट, डीटीपीएस की एक यूनिट से 94 मेगावाट, केटीपीएस की एक यूनिट से 485 मेगावाट, एमटीपीएस की पांच यूनिटों से 1272 मेगावाट एवं मैथन व पंचेत हाईडल की एक-एक यूनिट से क्रमश: 14 एवं 31 मेगावाट बिजली उत्पादन हो रहा है।


No comments