रांची से बोकारो, धनबाद, राउरकेला, झारसुगुड़ा और हैदराबाद के लिए उड़ान जल्द..
रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से अब जल्द ही बोकारो, धनबाद, राउरकेला, झारसुगुड़ा और हैदराबाद के लिए भी उड़ान सेवा शुरू होगी। केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत सितंबर से एयर एशिया एवियेशन रांची से विभिन्न शहरों के लिए विमान सेवा शुरू करने की तैयारी में है। पहले चरण में रांची से बोकारो, धनबाद, राउरकेला और झारसुगुड़ा के बीच विमान सेवा शुरू हो सकती है।
बता दें की केंद्र सरकार की ‘उड़ान’ योजना के तहत घरेलू विमानन सेवा को बढ़ावा देने के लिए बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से कई विमानन कंपनियों ने अपना परिचालन शुरू करने की इच्छा जतायी थी। दो महीने पहले ही एयर एशिया ने रांची से कोलकाता और दिल्ली के लिए विमान सेवा शुरू की है। इसके तहत प्रतिदिन रांची से दो बार कोलकाता व दिल्ली के लिए फ्लाइट उड़ान भरती है।
फिलहाल बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से प्रतिदिन विभिन्न एयरलाइंस के 16 विमान उड़ान भरते हैं। ये विमान रांची से दिल्ली, कोलकाता, पटना, बेंगलुरू और मुंबई के लिए विमान सेवा उपलब्ध हैं। इसमें एयर इंडिया की रांची-दिल्ली व रांची-कोलकाता, इंडिगो की रांची-दिल्ली, रांची-मुंबई, बेंगलुरू-रांची वाया कोलकाता, गो एयरवेज की दिल्ली-पटना-रांची, एयर एशिया की रांची-कोलकाता-दिल्ली की फ्लाइटें प्रतिदिन उड़ान भरती हैं।


No comments