25 प्रतिशत सीट पर बीपीएल बच्चों का दाखिला सुनिश्चित करें निजी विद्यालय : डीसी
निजी स्कूलों में बीपीएल बच्चों के नामांकन को लेकर डीसी राय महिमापत रे गंभीर हैं। उन्होंने जिले के सभी प्राचार्यों को शिक्षा का अधिकार कानून के तहत बीपीएल बच्चों का नामांकन लेने का सख्त निर्देश दिया है।
डीसी राय महिमापत रे ने आज समाहरणालय सभाकक्ष में जिले के सभी निजी स्कूलों के प्राचार्यों के साथ बैठक की। मौके पर डीसी ने प्राचार्यों को शिक्षा का अधिकार कानून के तहत कुल सामर्थ संख्या के 25 प्रतिशत सीट पर बीपीएल बच्चों के नामांकन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश दिया। बोकारो जिला के कुल सामर्थ संख्या 633 के विरूद्ध अबतक हुए मात्र 269 नामांकन पर उपायुक्त ने नाराजगी भी जाहिर की। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि खाली पड़े सभी सीटों पर नामांकन हेतु जल्द सूचना प्रकाशित करवायें ताकि इस सत्र में ही बाकी बचे कमजोर एवं अभिवंचित वर्ग के बच्चों का नामांकन किया जा सके।
इस दौरान उपायुक्त श्री रे ने निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम, 2009 के तहत् निजी विद्यालय में 25 प्रतिशत सीट पर नामांकन के अनुश्रवण हेतु एक समिति का भी गठन किया। अनुश्रवण समिति में जिला शिक्षा पदाधिकारी को अध्यक्ष बनाते हुए जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी एवं प्राचार्य चिन्मया विद्यालय बोकारो को सदस्य के रूप में नामित किया गया है। बैठक में उपायुक्त श्री राय महिमापत रे के अलावा अनुश्रवण समिति के सदस्य एवं 11 मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे।
No comments