बोकारो में तीन लड़कियों की मिली लाश..
आज बोकारो शहर ने सुसाइड डे मनाया। शहर में आज तीन युवतियों ने आत्महत्या कर ली और इन घटनाओं से आज शहर में आत्महत्या डे के तौर पर चर्चा रही। आज के दिन की पहली मनहूस शुरूआत सिटी पार्क के तालाब में किसी युवती की लाश मिलने से हुई। अभी पुलिस सिटी पार्क से युवती की लाश बरामद कर उसकी मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए माथा पच्ची कर ही रही थी कि सेक्टर-9 से एक छात्रा के फांसी के फंदे से झूल जाने की खबर ने सबको चकरा दिया।
छात्रा ने सेक्टर-9 के अपने आवास में फांसी लगाकर इसलिये आत्महत्या कर ली क्योंकि मोबाईल से उसके चिपके होने की लत से परिजनों ने उसे डांटा-डपटा था और उसकी मोबाईल ले ली गयी थी। इसी बात को लेकर उक्त लड़की नाराज थी और उसने खुद फांसी से लटक कर अपने आवास में ही आत्महत्या कर ली। सेक्टर-9 पुलिस ने लाश को बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अभी दोनों युवतियों की आत्महत्या की खबर की चर्चा बंद भी नहीं हुई थी कि एक तीसरी युवती की फांसी लगाकर खुदखुशी करने का मामला प्रकाश में आ गया। चास के सुलतान नगर में एक निजी अस्पताल आकाश नर्सिंग होम की 21 साल की नर्स शमीमा खातून ने अस्पताल परिसर में ही फांसी के फंदे पर झूल कर आत्महत्या कर ली। शहर के अलग-अलग हिस्से में तीन युवतियों की आत्महत्या के बाद आज का दिन सुसाईड डे के तौर पर चर्चे में रहा।
पुलिस ने तीनों को शवों को अपने कब्जे में लेकर पोसटमार्टम के लिए भेज दिया है। सिटी पार्क से बरामद 16 वर्षीया अज्ञात युवती की मौत अभी आत्महत्या के आसपास ही मंडरा रही है। उसकी चप्पल सिटी पार्क के नौका बिहार स्थल पर बिलकुल सही ढंग से रखी मिली। पुलिस को अनुमान है कि उसने पानी में छलांग लगाकर अपनी जान दी है। वैसे अभी पुलिस पूरे यकीन से यह कह पाने की स्थिति में नहीं है कि यह हादसा है कि आत्महत्या। पुलिस के सामने उसकी पहचान एक बड़ी चुनौती के तौर पर सामने है। फिलहाल तीन लाशों का बोकारो के अलग-अलग स्थानों से मिलना पुलिस की चिन्ता बढ़ाने के लिए काफी है।


No comments