एक अगस्त से सरकार बेचेगी शराब, बोकारो में 35 दुकानें चिन्हित..
झारखंड में सोमवार रात बारह बजे के बाद से शराब पीने और पिलाने का अंदाज बदल गया है। अब साकी और शराबी की जगह मर्जी सरकार की चलेगी। न तो इश्क में धोखा का गम कम करने के लिए 18-20 साल के युवा शराब की बोतलें खरीद सकेंगे और न घर में मेहमानों को सीलबंद बोतलें दिखा कर इंप्रेस्ड किया जा सकेगा। और तो और, आपके काम के घंटे भले आठ से दस-12 तक की छलांग लगा ले, शराब की दुकान घड़ी देख कर आठ घंटे ही खुलेगी।
एक अगस्त से झारखंड सरकार खुद शराब की दुकानों का संचालन करेगी। झारखण्ड सरकार इस साल स्टेट बिवरेज कॉरपोरेशन की मदद से खुद शराब बेचेगी। इसके बदले में कॉरपोरेशन 5 से 10 प्रतिशत लाभ लेगा। खास एक्साइज पॉलिसी तैयार की गई है। अगर सब कुछ पॉलिसी के अनुसार हुआ तो बिना आधार कार्ड के किसी भी दुकान से शराब खरीदना मुश्किल होगा।
नई एक्साइज पॉलिसी के अनुसार शहरी क्षेत्र में दिन के 1 बजे से 4 बजे और फिर शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक शराब दुकानें खुली रहेंगी. जबकि ग्रामीण इलाकों में दिन के 12 बजे से रात 8 बजे तक शराब खरीदी जा सकेगी। नियम के मुताबिक लड़खड़ाते कदम से शराब की दुकान पहुंचे और शराब मांगा तो आपको बैरंग वापस होना पड़ेगा। अधिक पीकर आने वालों को बिना शराब दिए लौटा देने का निर्देश दुकानदारों को थमाया गया है। इतना ही नहीं उम्र और कोटा भी तय है। शराब पीना है तो आधार कार्ड लाइए। अगर उम्र 21 से कम है तो शराब नहीं मिलेगी। इतना ही नहीं एक बार में तीन लीटर से अधिक फॉरेन लिकर नहीं मिल सकेगा।
झारखंड राज्य बिवरेजेज कॉरपोरेशन 23 जिलों में कुल 415 दुकानों से शराब बेचेगा। इसके लिए बोकारो जिले के 35 दुकानों को चिन्हित किया गया है। बोकारो जिले के जैनामोड़ में एक, बेरमो नगर परिषद में तीन, कुरपनिया में एक, चनदंकियारी के बिजुलिया में एक, भोजुडीह में एक, बरमसिया में एक, सेक्टर 9 में दो जगह, सेक्टर 08 में एक, सेक्टर 12 मोड़ में एक, सेक्टर 04 में दो, सेक्टर 01 में एक, सेक्टर 05 में एक, दुग्दा में दो, कुर्मिडीह, तेनुघाट, ललपनिया, गोमिया, स्वांग, सन्डे बाजार, कथारा, करगली बाजार, चंद्रपुरा, जरीडीह, जारंगडीह, बहादुरपुर सोनाबाद, सेंट्रल कॉलोनी मकोली, तेलो, नावाडीह, चास व पिंड्राजोरा में एक-एक दुकान संचालित होगा। आपको बता दें कि पिछले साल राज्य से सरकार को शराब से 997.6 करोड़ का राजस्व मिला था। हाईवे पर शराब दुकानों पर लगे प्रतिबंध के बाद दुकानों की संख्या झारखंड में 14 सौ से घटकर 1100 रह गई है। अब जब सरकार दुकान चलाएगी तो राज्य में इनकी संख्या 600 के आसापस होगी।


No comments