राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनेगी पटेल जयंती..
- by Mithilesh Singh
लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के जन्मदिवस 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाएगा। राष्ट्रीय एकता दिवस की तैयारियों से संबंधित बैठक उपायुक्त श्री राय महिमापत रे एवं पुलिस अधीक्षक श्री वाई.एस.रमेश की संयुक्त अध्यक्षता में उपायुक्त के कार्यालय कक्ष में आयोजित की गई। उपायुक्त श्री रे ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस के दिन रन फोर युनिटी के अलावा जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।
रन फोर यूनिटी अर्थात एकता की दौड़ राम रूद्र प्लस टू उच्च विद्यालय चास से गरगा पुल स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा तक 31 अक्टूबर को सुबह सात बजे से आठ बजे तक आयोजित की जाएगी। रन फोर युनिटी में बोकारो एवं चास के सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्रएं, स्थानीय सांसद, विधायक, जिला परिषद अध्यक्षा, जिला परिषद उपाध्यक्ष, महापौर, उप महापौर, पार्षद सहित सभी जनप्रतिनिधि, सभी सरकारी कर्मचारी एवं पदाधिकारी, पुलिस विभाग, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ के पदाधिकारी एवं कर्मी सहित चास नगर निगम एवं बीएसएल के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।
रन फोर युनिटी की समाप्ति के पश्चात् गरगा पुल स्थित सरदार बल्लभ भाई पटेल के प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया जायेगा। उपायुक्त श्री रे के द्वारा स्वच्छ भारत मिशन को मद्देनजर रखते हुए राष्ट्रीय एकता दिवस के दिन स्वच्छता से संबंधित विभिन्न क्रियाकलाप चलाने का निदेश बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों को दिया गया। पुलिस अधीक्षक श्री वाई.एस.रमेश ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस के दिन अपराहन् 4ः00 बजे बोकारो हवाई अड्डा से सेक्टर-5 स्थित पुस्तकालय मैदान तक जिले के सभी सुरक्षा बलों के द्वारा फ्लैगमार्च भी किया जायेगा। साथ ही संध्या में सेक्टर-5 स्थित बोकारो क्लब में बी.एस.एल एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जायेगा।
बैठक में अपर समाहत्र्ता श्री जुगनू मिंज, कमाण्डेन्ट सीआरपीएफ श्री अनिल कुमार शेखावत, नजारत उप समाहत्र्ता श्री संतोष कुमार गर्ग, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी चास श्री कपिल कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री विकाश कुमार हेम्ब्रम, एडीपीओ सर्व शिक्षा अभियान श्रीमति ज्योति खलखो सहित अन्य उपस्थित थे।


No comments